बागेश्वर धाम की चल रही यात्रा के बीच राष्ट्रीय राजधानी में रविवार शाम हुए एक भीषण धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। फरीदाबाद में हाल ही में लगभग 2900 किलो विस्फोटक सामग्री मिलने की जांच अभी जारी ही थी कि दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में एक कार में तेज धमाका हो गया।
यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पार्किंग में खड़ी एक कार में हुआ। शाम के समय यह इलाका आम तौर पर भीड़भाड़ वाला रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और उनके परखच्चे उड़ गए। धमाके की चपेट में आकर कई लोग घायल हुए, जिनमें से अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके के तुरंत बाद पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुँचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आसपास के पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनज़र सील कर दिया गया है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री जी की यात्रा फरीदाबाद और दिल्ली-एनसीआर में जारी है, जहाँ लाखों श्रद्धालु जुट रहे हैं। फरीदाबाद में हाल ही में बरामद भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री ने पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया था। अब इस धमाके के बाद यह आशंका बढ़ गई है कि कहीं यह किसी संगठित आतंकी साजिश का हिस्सा तो नहीं।
सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल धमाके में इस्तेमाल सामग्री, कार की पहचान, पार्किंग रिकॉर्ड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह कोई साधारण हादसा नहीं बल्कि योजनाबद्ध विस्फोट हो सकता है।
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। जांच टीम फरीदाबाद में मिले विस्फोटक और दिल्ली धमाके के बीच संभावित कड़ी तलाशने में जुटी है।

