उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नकुड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टिडौली गांव में गत 7-8 नवंबर 2025 की रात को हुई भाजपा नेता धर्म सिंह कोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों में गांव की ही एक महिला वंदना तथा उसका प्रेमी साबिर शामिल है।
पुलिस जांच से पता चला है कि मृतक धर्म सिंह कोरी ने गांव में सामाजिक मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए वंदना की शादी गांव के ही प्रदीप कश्यप से कराई थी। शादी के बाद वंदना के आचरण को लेकर गांव में शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें उसे देह व्यापार में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया। इन शिकायतों पर धर्म सिंह कोरी ने वंदना को उसके ससुराल से मायके भेज दिया तथा गांव में उसके आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। इस कार्रवाई से क्षुब्ध होकर वंदना ने अपने प्रेमी साबिर तथा उसके एक साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
घटना की रात गांव में शादियों के कारण पटाखों का शोर था। आरोपियों ने इसी शोर का लाभ उठाते हुए देर रात धर्म सिंह कोरी के सोते समय उनके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह परिजनों द्वारा शव देखे जाने पर मामला प्रकाश में आया था।
एसपी देहात सागर जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना के बाद पुलिस ने गांव में लगातार पूछताछ की तथा मृतक से पुरानी रंजिश रखने वालों पर जांच केंद्रित की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी साबिर के पास से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा तथा खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। यह मामला व्यक्तिगत रंजिश तथा सामाजिक मुद्दों से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

