Homeखेलविजयरथ पर सवार भारत की नजर नीदरलैंड...

विजयरथ पर सवार भारत की नजर नीदरलैंड को हराकर जीत के ‘चौके’ के साथ सुपर 8 में जाने पर

By:
सत्येंद्र पाल सिंह
आईसीसी टी-20 विश्व कप के ग्रुप ए में लगातार तीन जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम अब बुधवार को अहमदाबाद में नीदरलैंड से भिड़ेगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारत की नजरें जीत के 'चौके' के साथ शीर्ष पर रहने पर हैं। इशान किशन की शानदार फॉर्म और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने नीदरलैंड के लिए चुनौती कठिन है। यह मैच सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए लय हासिल करने और भारत के लिए अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने का सुनहरा मौका है।

कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में विजयरथ पर सवार मौजूदा चैंपियन भारत की निगाहें अब नीदरलैंड को भी अहमदाबाद में बुधवार को हरा जीत के ‘चौके’ के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर रह आईसीसी टी-20 विश्व कप के सुपर आठ में उतरने पर लगी हैं। विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज जैसे धुरंधर इशान किशन की 77 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत के हौसले कोलंबो की स्पिन की मददगार पिच पर पाकिस्तान को 61 रन से पस्त कर सुपर आठ में स्थान पक्का करने से बुलंद हैं।

बेशक टी-20 क्रिकेट में किसी दिन कुछ भी मुमकिन है लेकिन पूरे रंग में चल रहे भारत को रोकना नीदरलैंड के लिए बेहद मुश्किल लगता है। भारत ने बेशक ग्रुप ए में अपने तीनों मैच आसानी से जीते लेकिन वह अपनी शुरू से आखिर तक ‘दे दनादन’ की पसंदीदा शैली से बल्लेबाजी नहीं कर पाया है। भारत टॉस जीतता है तो उसकी कोशिश पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी। भारत के पास अब सुपर आठ से पहले अपने सभी तीरों को आजमाने का मौका है।

भारत का प्रदर्शन मैच दर मैच बेहतर ही हुआ है और चौथे और आखिरी ग्रुप मैच से पहले तीनों मैच जीत टीम पूरे रंग में आ चुकी है। बेशक ग्रुप ए में सबसे ज्यादा शोर भारत के पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर था और इसमें वह चिर प्रतिद्वंद्वी के हाथों हार तो कतई नहीं गवारा कर सकता था। मौजूदा सियासी माहौल में जीत का प्रबल दावेदार भारत यदि कहीं पाकिस्तान से यह मैच हार जाता तो देश में तूफान मच जाता। भारत आसानी से यह मैच जीता और सारा गुस्सा पाकिस्तान टीम की हार पर उसके देश में फुटा। भारत ने पाकिस्तान पर जीत से खिताब बरकरार रखने का दावा और मजबूत किया है।

भारत आईसीसी के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में अब तक लगातार 16 मैच जीत चुका है और उसे आखिरी हार इसी अहमदाबाद के मैदान पर 2023 में वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली। भारत ने नीदरलैंड से अब तक चारों अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं। अहमदाबाद की पिच पर बहुत रन बनते हैं। भारत शुरू के तीनों मैच में पहले बल्लेबाजी करने के बावजूद दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ मैच में 209 रन बनाने को छोड़ कर 200 का आंकड़ा पार नहीं कर पाया।

भारत के पास अहमदाबाद में रात में वाकई बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका होगा। अहमदाबाद में खेले गए पांच में चार मैचों में 210 से ज्यादा रन बने हैं। वहीं बहुत करीब से पाकिस्तान को हराने से चूकने वाली और नामीबिया से मैच जीतने वाली नीदरलैंड की टीम भारत के खिलाफ बुधवार के मैच में यह साबित करने की कोशिश करेगी कि वह कमजोर टीम नहीं है।

भारत को नीदरलैंड के भारतीय मूल के नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले ऑफ स्पिनर आर्यन शर्मा और ऑलराउंडर बास डी लीड से चौकस रहना होगा। आर्यन ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में पाकिस्तान के सैम अयूब को आउट किया था। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नीदरलैंड के ऑफ स्पिनर आर्यन शर्मा के बीच बुधवार को रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। शुरू के दो मैचों में खाता खोले बिना आउट होने वाले भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बुधवार को आर्यन के खिलाफ बड़ी पारी खेल कर खुद सुपर आठ से पहले रंगत पाना चाहेंगे।

पाकिस्तान के कप्तान ऑफ स्पिनर सलमान आगा ने जिस तरह कोलंबो में अभिषेक को तीन गेंदों में बांध कर रखा और चौथी पर बोल्ड कर दिया उससे नीदरलैंड के आर्यन के हौसले बुलंद होंगे। बास डी लीड की 70 रन की तेज पारी की बदौलत ही नीदरलैंड ने मौजूदा संस्करण में इकलौती जीत नामीबिया के खिलाफ सात विकेट से हासिल की जबकि उसे पहले मैच में तीन गेंद के बाकी रहते पाकिस्तान से तीन विकेट और अमेरिका से 93 रन से हार झेलनी पड़ी थी।

भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मैच के ‘बहिष्कार’ के बाद इसमें खेलने के लिए राजी होने पर टी-20 विश्व कप में उसके खिलाफ नौ में आठवां मैच जीता। कप्तान सूर्यकुमार ने बीते बरस दुबई में भारत की पाकिस्तान पर टी-20 एशिया कप फाइनल में जीत के बाद वाकई ठीक कहा था कि अब दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता की बात बंद कर देनी चाहिए थी।

भारत की रविवार को जीत से पहले पाकिस्तान ने अपने संदिग्ध एक्शन वाले उस्मान तारिक, सैम अयूब और सलमान खान की ऑफ स्पिन त्रिमूर्ति का हौवा खड़ा करने की जो कोशिश की थी उसे इशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार ने उन पर शुरू से प्रहार कर बनाए दबाव के गुब्बारे को उड़ने से पहले ही फोड़ दिया था।

दोनों देश इससे पहले केवल एक बार 2022 के टी-20 विश्व कप में जब आमने-सामने हुए तो मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा और विराट कोहली के अर्द्धशतकों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी कर दो विकेट पर 179 रन बनाने के बाद नीदरलैंड को 9 विकेट पर 123 रन पर रोक कर 56 रन से जीत हासिल की थी। भारत की मौजूदा टीम में 2022 में खेलने वाली टीम के अब कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और अर्शदीप के रूप में चार खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं नीदरलैंड की मौजूदा टीम में उसके कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स, बास डी लीड, कॉलिन एकरमैन, मैक्स ओ’दाउद, लोगान वान बीक, फ्रेड क्लासेन और पॉल वान मीकरन के रूप में सात खिलाड़ी शामिल हैं।

मुमकिन है कि भारत अपने तुरुप के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को नीदरलैंड के खिलाफ आराम दे। अब तक मौजूदा संस्करण में दो मैच खेल कर अपना खाता खोलने में नाकाम रहे विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह मैच सुपर-8 से पहले टीम इंडिया के पूर्व चीफ कोच रवि शास्त्री के सुझाव के मुताबिक क्रीज पर कुछ वक्त बिता कर बड़ी पारी खेल अपनी रंगत पाने का मौका है।

भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक दरअसल मुंबई में अमेरिका के खिलाफ ग्रुप ए में वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच और पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो की अपेक्षाकृत धीमी पिच पर जिस तरह बड़े स्ट्रोक खेलने की कोशिश में बोल्ड हुए उससे भारत अपनी पारी का तेज आगाज नहीं कर पाया था। इशान किशन ने पहले नामीबिया और फिर पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में पहला विकेट गिरने के बाद जिस तरह जोश के साथ होश से जवाबी हमला बोला उससे भारत पारी का तेज आगाज करने में सफल रहा।

भारत के लिए दिक्कत सही मायनों में बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव का अभी भी रंग में आने के लिए जूझना है। बहुत मुमकिन है कि नीदरलैंड के खिलाफ फिर उन्हें एकादश से बाहर रख कर अर्शदीप को वापस एकादश में शामिल करें।

इशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ पिछले दो मैचों में अर्द्धशतक जड़ने के साथ तीन मैचों में भारत के लिए सबसे ज्यादा 168 रन, कप्तान सूर्यकुमार यादव अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में अर्द्धशतक सहित कुल 128 रन बना जिस तरह बल्ले से धमाल कर रहे हैं, उसके मद्देनजर नीदरलैंड के मौजूदा संस्करण के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज बास डी लीड (पांच विकेट), वान बीक (4 विकेट) और ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त (तीन विकेट) के लिए लगाम लगाना बेहद मुश्किल होगा। भारत के लिए अर्द्धशतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज हार्दिक पांड्या (कुल 57), तिलक वर्मा (कुल 75 रन) और शिवम दुबे (कुल 50 रन) ने सही वक्त पर मैच के मिजाज के मुताबिक बल्लेबाजी कर उसे मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की है।

भारत को मौजूदा संस्करण के शुरू के तीन मैचों में बल्ले व गेंद से दमदार प्रदर्शन करने वाले नीदरलैंड के ऑलराउंडर बास डी लीड (कुल 125 रन, एक अर्द्धशतक व 5 विकेट) से जरूर चौकस रहना होगा। दरअसल लीड को छोड़ कर नीदरलैंड के लिए लेविट ने कुछ 55 रन बनाए। लीड और लेविट को छोड़ कर नीदरलैंड के बाकी बल्लेबाज जिस तरह रनों के लिए जूझते ही नजर आए हैं, ऐसे में नीदरलैंड के बल्लेबाजों के लिए भारत के सबसे कामयाब लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (छह विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल (6 विकेट) तथा दो-दो मैच खेलने वाले जसप्रीत बुमराह (तीन विकेट), अर्शदीप सिंह (तीन विकेट) और एक मैच खेलने वाले मोहम्मद सिराज (तीन विकेट) के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीद कम ही नजर आती है।

मैच : भारत बनाम नीदरलैंड (बुधवार शाम 7 बजे से, अहमदाबाद)।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here